भाजपा-कांग्रेस के 3-3 सिटिंग विधायकों के टिकट तय, नोखा में कांग्रेस का महिला पर दांव, खाजूवाला में भाजपा का टिकट होल्ड
भाजपा कोर कमेटी के बाद कभी भी जारी हो सकती है सूची, कांग्रेस की पहली सूची तैयार कभी भी घोषणा
ivillagenetwor न्यूज़ बीकानेर। 19 अक्टूबर 2023 :भारतीय जनता पार्टी की दूसरी सूची की उलटी गिनती शुरू हो गई है। किसी भी वक्त ये जारी हो सकती है। मौजूदा सूची में क़रीब 72 में से 10 से 12 सिटिंग विधायकों के कटने की बात सामने आ रही है लेकिन बीकानेर के तीनों ही सिटिंग विधायकों को टिकट मिल सकता है। अचानक कोई बदलाव ना हुआ तो तीनों ही सिटिंग विधायक फिर से उम्मीदवार बनेंगे। उधर कांग्रेस ने भी अपने तीनों सिटिंग विधायक जो मंत्री भी हैं उनके टिकट लगभग तय हैं। कांग्रेस की सूची देर रात तक जारी होने की उम्मीद है। दूसरी ओर कुछ अहम राजनीतिक मुलाकातें भी हुई हैं जो टिकट बंटवारे और जीत हार के समीकरणों को प्रभावित कर सकती हैं।
भाजपा की दूसरी सूची में ज्यादातर निर्णय मौजूदा विधायकों पर होगा। बीकानेर में भाजपा के तीन विधायक हैं। पूर्व से सिद्धि कुमारी, लूणकरणसर से सुमित गोदारा और नोखा से बिहारीलाल बिश्नोई। सूत्र बताते हैं कि नोखा को लेकर पार्टी में ज्यादा चर्चा हुई। अशोक धारणिया का नाम ऊपर तक पहुंच गया। लेकिन आखिरी वक्त में मौजूदा विधायक बिहारी पर सहमति बनी। क्योंकि बिहारी बिश्नोई पश्चिमी राजस्थान में इस समाज के इकलौते विधायक हैं। उन्होंने विधानसभा में मुद्दे उठाने से लेकर समाज में भी पैठ बढ़ाई है ऐसे में भाजपा बिश्नोई समाज से बैर नहीं लेना चाहती। खबर ये भी है कि कोलायत से देवी सिंह भाटी का भी टिकट तय है लेकिन उसका एलान तीसरी सूची में जा सकता है। खाजूवाला में अब डॉ. विश्वनाथ मेघवाल और केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के नाम पर ही चर्चा हो रही। भाजपा कानून मंत्री को चुनाव लड़ाना चाहती है मगर वे लगातार इनकार कर रहे हैं। फिर भी अर्जुन मेघवाल को सोचने का मौका देने के कारण होल्ड पर रखा गया। उधर कांग्रेस ने सूची तैयार कर ली है। इसमें पश्चिम से डॉ. बी. डी. कल्ला, कोलायत से भंवर सिंह भाटी और खाजूवाला से गोविंदराम मेघवाल का नाम तय है। नोखा से रामेश्वर डूडी की पत्नी सुशीला डूडी का टिकट तय माना जा रहा है। श्रीडूंगरगढ़ में समझौते की चर्चा है। लूणकरणसर, बीकानेर पूर्व के टिकट अगली कड़ी में जारी होंगे।
बिहारी – मेघवाल के बीच दिल्ली में हुई मुलाकात
नोखा विधायक बिहारी लाल बिश्नोई और कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के बीच दिल्ली में एक गोपनीय मुलाकात हुई। दोनों के बीच लंबे समय से खटास थी इसलिए ये मुलाकात अहम मानी जा रही है। बताते हैं कि दोनों के बीच करीब पौन घंटे बातचीत हुई। दोनों ने एक दूसरे से अपनी-अपनी बात कही। गिले शिकवे भी कहे और सुने गए। सामने आया कि दोनों की ही आपसी व्यक्तिगत कोई बात नहीं निकली लेकिन दोनों के समर्थकों को लेकर देर तक बात हुई। इस बातचीत के दौरान दूसरे पार्टी नेताओं के नाम भी खूब गूंजे। जिनको लेकर इन दोनों के बीच खटास का कारण था। अब देखना ये है कि इस मुलाकात का आगे इन दोनों नेताओं के बीच संबंधों पर क्या असर होता है। राजनीतिक हलकों में खासी चर्चा हो रही है।
भाटी की झंवर के बाद इस मुलाकात के मायने
भाजपा ज्वाइन करने से पहले पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी की नोखा के पूर्व विधायक कन्हैयालाल झं से मुलाकात हुई थी। भाजपा ज्वाइन करने के बाद भाटी फिर एक मूर्ति अनावरण में शामिल होने पहुंचे तो वहां झंवर भी थे। इस पर बिहारी को एतराज इस बात का हुआ कि झंवर कांग्रेस के सदस्य हैं। वहां भाटी को नहीं जाना चाहिए था। हालांकि वो बात आई गई हो गई लेकिन मामला प्रदेश तक पहुंचा था। इधर अचानक से बिहारी का अर्जुनराम मेघवाल मुलाकात को उसी से जोड़कर देखा जा रहा है।