अंशुमान ने किया जनसंपर्क, बोले- बिजली संकट से जूझता रहा कोलायत,भंवर सिंह भाटी ने भाजपा के संकल्प पत्र को झूठ का पुलिंदा बताया
अंशुमान ने किया जनसंपर्क, बोले- बिजली संकट से जूझता रहा कोलायत
ivillagenetwor न्यूज़ बीकानेर। 17 नवंबर 2023 : कोलायत विधान सभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अंशुमान सिंह भाटी का गांवों में जन सम्पर्क अभियान गुरुवार को भी जारी रहा। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पांच साल के शासन में कोलायत अंधेरे मे डूबा रहा। उन्होंने ऊर्जा मंत्री पर तंज करते हुए कहा कि बाड़ ही खेत को खाती रही। उनके प्रवक्ता समुन्दरसिंह राठौड़ ने बताया कि उदट, खारिया पातावतान, खीचियों व राड़ों की ढाणी, सिंगड़ों की ठाणी, भामहेम सिंह, टोकला, रामसिंहपुरा, नया गांव, राणेरी, छनेरी, रतनों की ढाणी, दियातरा, भाणे का गांव, खेतोलाई शम्भू व लाइखान उर्फ नया गांव में जन सम्पर्क किया। भाजपा प्रत्याशी भाटी ने अपने दौरे की
शुरूवात उदट से की। उदट में ठाकर भंवरसिंह, मुला महाराज, बाबुसिंह, सरपंच भवानीशंकर, गोपीसिंह, किशनाराम दर्जी ने भाटी का स्वागत किया। भाटी ने सिंगड़ों व राड़ों की ढाणी होते हुए भामहेमसिंह व टोकला पहुंचे, जहां गंगाराम सुधार, जगदीश महाराज उप-सरपंच, अनोपसिंह सरपंच, मोहनराम मेघवाल व सुमेरसिंह ने भाटी का स्वागत किया । दियातरा में जन समुदाय को सम्बोधित करते हुए भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष चम्पालाल गेधर ने कहा कि अंशुमानसिंह युवा और ऊर्जावान है। कोलायत की समस्याओं की समझ रखते हैं। उन समस्याओं को कैसे मिटाना है इसका तरीका भी जानते हैं।
भंवर सिंह भाटी ने भाजपा के संकल्प पत्र को झूठ का पुलिंदा बताया
ivillagenetwor न्यूज़ बीकानेर। 17 नवंबर 2023 : कोलायत विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी भंवर सिंह भाटी ने भाजपा के संकल्प पत्र को झूठ का पुलिंदा बताया है। भाटी ने कहा, भाजपा का संकल्प पत्र थोथी घोषणाओं और झूठ के अंबार के सिवाय कुछ भी नहीं है। राजस्थान की जनता इनका सच जानती है। प्रदेशवासी कांग्रेस के साथ है। पहले भी भाजपा की केन्द्र सरकार ने प्रतिवर्ष 2 करोड़ नौकरी देने का वादा किया था, उनका यह वादा बाद जुमला साबित हुआ है। हकीकत यह कि प्रतिवर्ष एक लाख नौकरी भी नहीं दे पाए। इनके पास मुंगेरी लाल के सपने दिखाने के सिवाय कुछ नहीं है। यह देश के
नौजवानों के भविष्य के साथ धोखा है। केंद्र की भाजपा की सरकार हर जिले में मेडिकल कॉलेज तो नहीं खोल सकी, एम्स जैसे हॉस्पिटल क्या खोलेंगी। ग्रामीण महिलाओं को ट्रेनिंग रोजगार मुखी प्रशिक्षण राजस्थान में हमारी सरकार दे रही है। राज्य में पर्यटन का बढ़ावा दिया जा रहा है। सीएम अशोक गहलोत ने धार्मिक पर्यटन के लिए करोड़ों रुपए दिए हैं। कांग्रेस की 7 गारंटी और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। इस बात का गवाह है कि राजस्थान में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी और भाजपा के भ्रमित करने वाले वादों को जनता नकारेगी।