पेट्रोल पंपों की तालाबंदी, सुबह 6 से शाम 6 बजे तक बंद रहेंगे, कल से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा
ivillagenetwor न्यूज़ बीकानेर। 01 अक्टूबर 2023 :वैट घटाने की मांग को लेकर आज सुबह 6 से शाम 6 बजे तक पेट्रोल पंप बंद रहेंगे। कल यानी 2 अक्टूबर से पेट्रोल पंप संचालकों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल करने की घोषणा की है। इससे पूर्व पेट्रोल पंप संचालकों ने 13 व 14 सितंबर को सांकेतिक हड़ताल की थी। साथ ही उन्होंने 15 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल करने की घोषणा की थी। लेकिन हड़ताल से पहले राज्य सरकार ने पेट्रोल पंप संचालकों के साथ वार्ता कर वैट कम करने को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया था, लेकिन वार्ता के 13 दिन बाद भी कोई समाधान नहीं निकलने से नाराज पेट्रोल पंप संचालकों ने एक बार फिर हड़ताल करने का फैसला लिया है।
पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरपत सिंह राजवी ने बताया कि राजस्थान और उसके पड़ोसी राज्यों में पेट्रोलियम उत्पादों की टैक्स दरों में काफी अंतर है। ऐसे में राजस्थान की सीमा पर खुले पेट्रोल पंप संचालकों को मजबूरन बंद करने पड़ रहे हैं। राजवी ने बताया कि पेट्रोल और डीजल पर बढ़े हुए वैट सहित विभिन्न मांगों का निराकरण करने के लिए 10 दिनों का समय मांगा गया था, लेकिन सरकार ने इस दिशा में अभी तक कोई कदम नहीं उठाया है। ऐसे में मजबूरन पेट्रोल पंप संचालकों को हड़ताल करने पड़ रही है।
जिन्हें कंपनी संचालित करती है वे पंप खुले रहेंगे
जिले में जिन पेट्रोल पंपों को भारत, हिंदुस्तान पेट्रोलियम या रिलायंस कंपनी द्वारा संचालित किया जाता है, वे हड़ताल के दौरान भी खुले रहेंगे। हालांकि ऐसे पेट्रोल पंप की संख्या बीकानेर शहरी क्षेत्र में एक भी नहीं है। जामसर रोड पर भारत पेट्रोलियम और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम तथा जैसलमेर रोड पर रिलायंस कंपनी का एक-एक पेट्रोल पंप है, जहां हड़ताल के बावजूद पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति की जाएगी।